Toxic Release Date : Toxic Trailer OUT यश का डार्क अवतार देख उड़ गए फैंस के होश जाने कब और कहा रिलीज होगी ये फिल्म
साउथ सुपरस्टार यश की मच अवेटेड फिल्म 'Toxic: A Fairytale for Grown-Ups' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। फिल्म का ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई है। ट्रेलर में यश का ऐसा इंटेंस और डार्क अंदाज नजर आया है, जिसे देखकर फैंस भी हैरान रह गए हैं।
करीब 4 मिनट 38 सेकेंड के ट्रेलर में एक के बाद एक ऐसे विजुअल्स देखने को मिलते हैं, जो फिल्म की दुनिया को काफी खतरनाक और रहस्यमयी बनाते हैं। यश इस बार बिल्कुल अलग अवतार में दिखाई दे रहे हैं। उनके किरदार में गुस्सा, जुनून और खतरनाक तेवर एक साथ नजर आते हैं।
फिल्म में यश को दो अलग-अलग रूपों में देखा जा सकता है। ट्रेलर में उनके दोनों किरदारों की झलक कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करती है। एक तरफ उनका एक अंदाज बेहद स्टाइलिश है, तो दूसरी तरफ उनका दूसरा रूप काफी डरावना और आक्रामक दिखाई देता है।
लेकिन इस ट्रेलर में सिर्फ यश ही नहीं, बल्कि कियारा आडवाणी भी लोगों का ध्यान खींच रही हैं। कियारा का लुक और उनके एक्सप्रेशन फिल्म में एक अलग ही रहस्य पैदा करते हैं। कई सीन्स में उनका किरदार बेहद प्रभावशाली नजर आता है। इसके अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत की भी झलक देखने को मिलती है।
ट्रेलर में एक्शन के साथ-साथ डार्क और हिंसक सीन्स की भी भरपूर झलक दिखाई गई है। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर कई फैंस इसे आम एक्शन फिल्म से काफी अलग बता रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि ट्रेलर जितना उन्होंने सोचा था, उससे कहीं ज्यादा डार्क और इंटेंस है।
यश के फैंस ट्रेलर देखने के बाद सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने इसे 'तबाही' बताया, तो किसी का कहना है कि यश को इस अंदाज में देखना अपने आप में एक अलग अनुभव है। एक फैन ने लिखा कि फिल्म उम्मीद से कहीं ज्यादा डार्क नजर आ रही है। वहीं, एक दूसरे फैन ने यश के दोनों किरदारों को लेकर अपनी एक्साइटमेंट जाहिर की।
फिल्म की कहानी अपराध, ताकत और गैंगस्टर वर्ल्ड के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। फिल्म को गीतू मोहनदास ने डायरेक्ट किया है और यश इसमें पिता और बेटे के डबल रोल में नजर आने वाले हैं।
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी शानदार है। यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत, अक्षय ओबेरॉय, सुदेव नायर और अमित तिवारी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अब ट्रेलर ने जिस तरह का माहौल बनाया है, उसके बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 'Toxic' बॉक्स ऑफिस पर वाकई वैसी ही तबाही मचा पाएगी, जैसी उम्मीद फैंस कर रहे हैं?
फिल्म 26 अगस्त को सिनेमाघरों में पैन इंडिया रिलीज होने वाली है। यश का नया अवतार, जबरदस्त एक्शन और फिल्म की डार्क कहानी दर्शकों को कितनी पसंद आती है, इसका पता रिलीज के बाद ही चलेगा।
